उपखंड अधिकारी ने समस्या समाधान शिविर का निरीक्षण किया: गोविंदगढ तहसीलदार सहित तीन को कारण बताओ नोटिस जारी
अलवर जिले की गोविंदगढ़ पंचायत समिति परिसर में आयोजित ग्रामीण समस्या समाधान शिविर का उपखंड अधिकारी ने औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विकास अधिकारी सहित तीन प्रमुख अधिकारी गैरहाजिर पाए गए, जिसके बाद उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किए गए।
यह शिविर आमजन की समस्याओं के समाधान के लिए 15 से अधिक विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ आयोजित किया जा रहा था। हालांकि, कर्मचारियों की अनुपस्थिति के कारण शिविर में लोगों की समस्याओं का समाधान होता नहीं दिख रहा था।
शिविर में शौचालय आवेदन, विवाह पंजीकरण, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, जाति एवं मूल प्रमाण पत्र, फार्मर आईडी, लैंड सीडिंग, मातृ वंदन योजना और खाद्य सुरक्षा योजना से संबंधित कार्य होने थे। लेकिन, अधिकारियों के मौके पर न होने के कारण आमजन को बिना काम कराए लौटना पड़ा।
उपखंड अधिकारी (प्रशिक्षु IAS) ऐश्वर्यम प्रजापति ने सुबह 10:15 बजे शिविर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान तहसीलदार (शिविर नोडल अधिकारी) बसंत कुमार परसोया, नायब तहसीलदार (शिविर सह-प्रभारी) राजेंद्र कुमार यादव और पंचायत समिति गोविंदगढ़ के विकास अधिकारी (शिविर सह-प्रभारी) रमेश गुर्जर गैरहाजिर मिले।
उपखंड अधिकारी ने गैरहाजिर पाए गए तीनों अधिकारियों को 17 सीसीए के तहत कारण बताओ नोटिस जारी किए। इन अधिकारियों से दो दिन के भीतर अनुपस्थिति का जवाब मांगा गया है।
इसके अलावा, अन्य विभागों के कई अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौके पर मौजूद नहीं पाए गए।


