गोतस्करों की क्रूरता चलती पिकअप से रस्सों से बंधी आधा दर्जन गायों को सड़क पर फेंका, 17 किमी तक रिम पर दौड़ती रही गाड़ी
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर जिले के खेडली क्षेत्र में रविवार रात गौतस्करों की अमानवीय करतूत सामने आई है। गोतस्करों ने तेज रफ्तार से दौड़ रही पिकअप से रस्सों से बंधी आधा दर्जन गायों को सड़क पर फेंक दिया।
गायों के पैर और मुंह रस्सियों से बंधे हुए थे, जिससे गिरते ही वे गंभीर रूप से घायल हो गईं। गौरक्षकों द्वारा पीछा किए जाने पर गोतस्करों ने बचने के लिए चलती पिकअप से गोवंश को सड़क पर पटक दिया। इससे गायों के पैर, मुंह, पीठ सहित पूरे शरीर में गंभीर चोटें आईं। गोरक्षक सागर तिवारी ने बताया कि पिकअप का टायर पूरी तरह जल चुका था, इसके बावजूद गोतस्कर करीब सत्रह किलोमीटर तक गाड़ी को रिम पर दौड़ाते रहे। बाद में आरोपी मकरैटा की पहाड़ी की ओर पिकअप खड़ी कर फरार हो गए।
पिकअप में पांच गोतस्कर सवार बताए जा रहे हैं। गोरक्षकों ने मौके पर पहुंचकर घायल गायों को रस्सियों से मुक्त किया, मरहम-पट्टी कर इलाज के लिए भिजवाया। गोरक्षक टीम में सागर तिवारी, सोनू बाबू, चंदू मीणा, हेमंत सैनी व अन्य सदस्य शामिल रहे।