ट्रेवल बस कैमिकल से भरे ट्रक से टकराई बस चालक सहित एक बालक और महिला की मौत, करीब तीन दर्जन घायल
राजगढ़ (अलवर/ अनिल गुप्ता) राजगढ़ थाना के पिनान के दिल्ली-मुम्बई एक्सप्रेस वे पर चैनल नंबर 100 इंटरचेंज पुलिया पर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। इंदौर से दिल्ली जा रही एक ट्रेवल बस आगे चल रहे केमिकल से भरे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार करीब 30 यात्री घायल हो गए।
इस दर्दनाक हादसे में बस चालक समेत एक बालक और एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई, जिससे इलाके में शोक की लहर फैल गई। हादसे की सूचना मिलते ही एनएचएआई की टीम मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए पिनान के आदर्श सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।
जहां डॉक्टरों ने घायलों का प्राथमिक उपचार किया और गंभीर रूप से घायल यात्रियों को तुरंत उच्च केंद्र के लिए रेफर कर दिया गया। वहीं घायलों ने आरोप लगाते हुए बताया कि हादसे के करीब 2 घंटे बाद तक भी पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। समय पर पुलिस के नहीं पहुंचने से बस में सवार घायलों और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखने को मिला।
फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक जानकारी के अनुसार तेज रफ्तार और लापरवाही को वजह माना जा रहा है। समाचार लिखे जाने तक फिलहाल शवो को पिनान चिकित्सालय में रखा हुआ है l


