ग्रामीण सेवा शिविर बना वरदान; विवाह प्रमाण पत्र मिलने से दंपति को मिली बड़ी राहत
भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राजस्थान सरकार के जनकल्याणकारी ग्रामीण सेवा शिविर आमजन के लिए त्वरित एवं प्रभावी सेवाओं का माध्यम बन रहे हैं। नदबई उपखण्ड की ग्राम पंचायत खांगरी में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर में एक दंपति को उसी दिन विवाह प्रमाण पत्र जारी कर राहत प्रदान की गई।
ग्राम पंचायत खांगरी निवासी शशि कुमार एवं उनकी पत्नी नीलम कुमारी ने शिविर में उपस्थित होकर बताया कि उनका विवाह 18 मार्च 2018 को हुआ था, लेकिन विवाह प्रमाण पत्र उपलब्ध नहीं होने के कारण उन्हें विभिन्न राजकीय योजनाओं एवं आवश्यक कार्यों में परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। उन्होंने शिविर में उपखण्ड अधिकारी के समक्ष आवेदन प्रस्तुत कर विवाह प्रमाण पत्र जारी करने का अनुरोध किया। शिविर में मौजूद अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने आवेदन एवं आवश्यक दस्तावेजों का त्वरित परीक्षण कर सभी औपचारिकताएँ समयबद्ध ढंग से पूरी कीं। इसके बाद उसी दिन दंपति को विवाह प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया, जिससे उन्हें बड़ी राहत मिली।
विवाह प्रमाण पत्र प्राप्त करने के बाद शशि कुमार एवं उनकी पत्नी नीलम कुमारी ने राजस्थान सरकार और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण सेवा शिविर के माध्यम से बिना अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर लगाए, एक ही स्थान पर सरल, पारदर्शी एवं समयबद्ध तरीके से महत्वपूर्ण दस्तावेज उपलब्ध हो गया। इससे उनका समय और धन दोनों की बचत हुई।
यह सफलता की कहानी दर्शाती है कि ग्रामीण सेवा शिविर आमजन को सरकारी सेवाएँ उनके द्वार पर उपलब्ध कराने की दिशा में प्रभावी पहल साबित हो रहे हैं। समयबद्ध, पारदर्शी और जनहितकारी सेवाओं के माध्यम से राज्य सरकार की सुशासन की भावना साकार हो रही है।


