बढ़ने लगी डेंगू मच्छरों की फौज, दवा छिड़काव की मांग
लक्ष्मणगढ़ (अलवर ) कमलेश जैन
बदलते मौसम के साथ मच्छरों का प्रकोप तेजी से बढ़ रहा है। कस्बे में शाम होते ही मच्छर लोगों को परेशान कर रहे हैं, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। मच्छरो ने लोगों का जीना दूभर किया हुआ हैं। लोग मच्छरों से बचाव के लिए हर तरह का प्रयोग कर रहे हैं। मच्छरों को मारने के लिए कीटनाशक दवाओं के छिड़काव एवं फॉगिंग को लेकर स्वास्थ्य विभाग व नगर पालिका प्रशासन ने आंखें बंद कर रखी है। कस्बे में हाल ही डेंगू के चलते शशिकांत लखेरा उर्फ भैरा नवयुवक की मृत्यु हो जाने के बाद भी प्रशासन मूकदर्शक बना हुआ है। मच्छरों की बढ़ती संख्या का आलम है कि रात ही नहीं दिन में भी इनका प्रकोप जारी रहता है। वहीं शाम होते ही लोगों का किसी स्थान पर थोड़ी देर बैठना भी मुश्किल हो जाता है। घर हो या दुकान हर जगह मच्छरों का आतंक बढ़ गया है। इसके चलते संक्रमण का खतरा बढ़ रहा है। बीमारी के भय से लोग मच्छरदानी एवं मच्छर भगाने वाले क्वायल का प्रयोग करते हैं। जिम्मेदार अधिकारी देख कर भी उदासीन हैं। लोगों ने बताया कि अभी तक फागिंग शुरू नही कराई गई है। और न ही नालियों में एंटी लार्वा का छिड़काव कराया गया है। यदि मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को रोकने के व्यापक इंतजाम न किए गए तो मच्छरो से कस्बे में जनित बीमारियों का खतरा बढ़ रहा है। जागरूक नागरिकों द्वारा कस्बे में दवा छिड़काव की मांग की है।


