यूरिया के लिए दर- दर भटक रहे किसान, भाजपा सरकार की प्लानिंग फेल : नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली
जयपुर (राजस्थान) नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में आए यूरिया संकट पर भाजपा सरकार को घेरा है और खाद की व्यवस्था को लेकर सरकार की नाकामी पर प्रश्न उठाया है तथा साथ ही किसान हित में अविलंब यूरिया की सप्लाई सुनिश्चित करने की पुरजोर मांग की है।
जूली ने कहा है कि राजस्थान के अन्नदाता भाजपा सरकार की बेरुखी का शिकार बन रहे हैं। पूरे प्रदेश में यूरिया की भारी कमी ने किसानों को संकट में डाल दिया है और वो यूरिया के लिए दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा, " पूरे प्रदेश के अंदर यूरिया की भारी कमी आई हुई है और किसान यूरिया के लिए मारा-मारा फिर रहा है। हर जिले में यूरिया की कमी है, इससे पहले डीएपी की भी कमी थी ,लेकिन सरकार ने उसको पूरा नहीं किया, और अब यूरिया की कमी आ गई है। "राज्य सरकार के यूरिया की प्लानिंग और मॉनिटरिंग में असफल होने की ओर चेताते हुए जूली ने कहा कि - "आप की मॉनिटरिंग क्या है? आपकी प्लानिंग क्या है ? आप आगे किस प्रकार का प्लान कर रहे हो कि किसान की जब फसल आती है तो उस समय आप उसके साथ खड़े ही नहीं हो।"
खेती के लिए किसान की बुनियादी आवश्यकताओं जैसे बिजली, पानी इत्यादि तक में राज्य सरकार की लापरवाही की ओर इंगित करते हुए जूली ने कहा कि " मौके पर बिजली चली जाती है , मौके पर पानी नहीं आता है, मौके पर फसल की खरीद नहीं होती है ,क्या हालात राजस्थान में आप लोगों ने बना दिए। "
जूली ने मांग की है कि सरकार यूरिया की सप्लाई को सुनिश्चित ताकि मेहनतकश किसान को नुकसान न हो," मैं सरकार से मांग करता हूं कि जल्द से जल्द प्रदेशभर में यूरिया की सप्लाई सुनिश्चित की जाए, ताकि हमारे मेहनतकश किसानों को समय पर पूरी मदद मिल सके और उनकी फसलें बर्बाद होने से बच सकें।"