ग्राम पंचायत जघीना में ग्राम उत्थान शिविर बना ग्रामीण सशक्तिकरण का मजबूत आधार

Feb 9, 2026 - 13:07
 0
ग्राम पंचायत जघीना में ग्राम उत्थान शिविर बना ग्रामीण सशक्तिकरण का मजबूत आधार

भरतपुर, (कौशलेन्द्र दत्तात्रेय) राज्य सरकार के निर्देशानुसार आयोजित ग्राम उत्थान शिविर-2026 ने पंचायत समिति सेवर की ग्राम पंचायत जघीना में ग्रामीणों के जीवन में सकारात्मक बदलाव की नई कहानी लिखी। सोमवार को आयोजित यह शिविर केवल एक औपचारिक आयोजन नहीं रहा, बल्कि यह जनसेवा, त्वरित समाधान और सरकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रभावी मंच बनकर उभरा।
शिविर में विभिन्न विभागों के 13 अधिकारी एवं कार्मिकों की सक्रिय भागीदारी से ग्रामीणों की वर्षों पुरानी समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया। ढाणियों में निवास करने वाले ग्रामीणों के लिए यह शिविर विशेष रूप से राहतदायक साबित हुआ, क्योंकि उन्हें पहली बार अपने गांव में ही प्रशासन से सीधा संवाद करने का अवसर मिला।
इस शिविर की सबसे प्रेरणादायी सफलता कहानी ग्राम पंचायत जघीना निवासी 40 वर्षीय किसान बलदेव सिंह की रही। पिछले 15 वर्षों से आवासीय पट्टा नहीं होने के कारण वे सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित थे। बैंक ऋण, आवासीय योजनाएं और अन्य सुविधाएं उनके लिए केवल कागजों तक सीमित थीं। ग्राम उत्थान शिविर की जानकारी मिलने पर उन्होंने शिविर में पहुंचकर अतिरिक्त विकास अधिकारी विजयपाल को स्वामित्व योजना के तहत आवेदन प्रस्तुत किया। प्रशासन की तत्परता का परिणाम यह रहा कि बलदेव सिंह को मौके पर ही आवासीय पट्टा प्रदान कर लाभान्वित किया गया। यह उनके लिए सम्मान और आत्मनिर्भरता की दिशा में बड़ा कदम साबित हुआ।

इसी क्रम में 61 वर्षीय किसान खेमसिंह ने भी अपनी वर्षों पुरानी समस्या का समाधान पाया। आवासीय पट्टा नहीं होने से वे न तो व्यापार को विस्तार दे पा रहे थे और न ही बैंक ऋण जैसी सुविधाएं प्राप्त कर पा रहे थे। शिविर में अधिकारियों से संवाद कर उन्होंने आवेदन किया और उसी दिन स्वामित्व योजना के अंतर्गत आवासीय पट्टा प्राप्त किया। उनके चेहरे पर संतोष और विश्वास की झलक साफ दिखाई दी।
शिविर के दौरान किसान चन्द्रभान सिंह को मृदा परीक्षण कार्ड वितरित किए गए, जिससे उन्हें वैज्ञानिक खेती अपनाने में सहायता मिलेगी और उत्पादन में वृद्धि संभव होगी। लाभार्थियों ने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री भजनलाल शर्मा और जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए ग्राम उत्थान शिविर को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान का सशक्त माध्यम बताया। शिविर में सरपंच नरेन्द्र सहित ग्रामीण एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
विभिन्न योजनाओं में मिला लाभ
ग्राम पंचायत जघीना में आयोजित ग्राम उत्थान शिविर के दौरान सहकारिता सदस्यता अभियान में आवेदन 45, मुख्यमंत्री मंगला पशु बीमा योजना में 190 प्रमाण पत्र प्रदान, पशुओं को कृमि नाशक औषधि 105 प्रदान, स्वामित्व योजना में आवासीय पट्टे 90 वितरित, पी एम सूर्यघर योजना में 16 आवेदन, कृषि विभाग की तारबंदी योजना में 429 आवेदन, पाइपलाइन योजना में 82 आवेदन तथा फार्मर रजिस्ट्री में 8 पंजीयन ,फार्म पॉन्ड योजना में 168 आवेदन प्राप्त हुए। 
मृदा स्वास्थ्य कार्ड के 5 कार्ड वितरित किए गए। उद्यानिकी विभाग में सोलर पंप हेतु 1 आवेदन तथा ड्रिप सिंचाई योजना में 287 जानकारी प्रदान और किसान क्रेडिट कार्ड योजना में 65 आवेदन दर्ज किए गए। वीबीजी रामजी अभियान के अंतर्गत 300 लोगों को जानकारी दी गई।

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

एक्सप्रेस न्यूज़ डेस्क बुलंद आवाज के साथ निष्पक्ष व निर्भीक खबरे... आपको न्याय दिलाने के लिए आपकी आवाज बनेगी कलम की धार... आप भी अपने आस-पास घटित कोई भी सामाजिक घटना, राजनीतिक खबर हमे हमारी ई मेल आईडी [email protected] या वाट्सएप न 8094612000 पर भेज सकते है हम हर सम्भव प्रयास करेंगे आपकी खबर हमारे न्यूज पोर्टल पर साझा करें। हमारे चैनल GEXPRESSNEWS से जुड़े रहने के लिए धन्यवाद................