खेड़ली में जागृति सप्ताह के तहत करियर काउंसलिंग व जेंडर संवेदनशीलता पर कार्यशाला की आयोजित
खेडली (दिनेश लेखी) पन्नाधाय सुरक्षा एवं सम्मान केंद्र योजना के अंतर्गत जागृति सप्ताह के अवसर पर महिला अधिकारिता विभाग, अलवर द्वारा अनुदानित महिला सुरक्षा एवं सलाह केंद्र, खेड़ली संस्था पायलट आदर्श जीवन लोक उत्थान समिति, चुल्हैरा डीग के तत्वावधान में गुरुवार को राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, खेड़ली में करियर काउंसलिंग एवं जेंडर संवेदनशीलता विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया।
कार्यशाला का संचालन विधिक सलाहकार कनकमाला शर्मा एवं सामाजिक सलाहकार हिमानी शर्मा द्वारा किया गया। इस दौरान छात्राओं को बाल विवाह के दुष्प्रभाव, किशोरियों के स्वास्थ्य एवं पोषण, तथा महावारी के दौरान स्वच्छता बनाए रखने के सही तरीकों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही एनीमिया से बचाव, संतुलित आहार, आयरन युक्त खाद्य पदार्थों के सेवन एवं नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व पर भी प्रकाश डाला गया।
बताया कि करियर काउंसलिंग एक महत्वपूर्ण प्रक्रिया है, जिसमें व्यक्ति की रुचि, योग्यता, क्षमता और व्यक्तित्व के आधार पर सही करियर का चयन किया जाता है। इससे विद्यार्थी अपनी प्रतिभा और कौशल को पहचानकर भविष्य की ठोस योजना बना सकते हैं तथा गलत करियर चयन जैसी समस्याओं से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि प्रतिस्पर्धा के इस दौर में सही दिशा का चयन अत्यंत आवश्यक है, जिससे आत्मविश्वास बढ़ता है और लक्ष्य प्राप्ति आसान होती है।
जेंडर संवेदनशीलता पर चर्चा करते हुए वक्ताओं ने कहा कि समाज में स्त्री और पुरुष के प्रति समान, सम्मानजनक एवं न्यायपूर्ण व्यवहार होना चाहिए। किसी भी जेंडर के साथ भेदभाव, हिंसा और रूढ़िवादी सोच को समाप्त करना जरूरी है। सभी को समान शिक्षा, अवसर और अधिकार मिलने चाहिए तथा लड़के और लड़कियों को समान रूप से करियर चुनने की स्वतंत्रता होनी चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में छात्राओं को महिलाओं से संबंधित कानूनों एवं महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर 1098, 103, 112, 1090 की जानकारी भी दी गई। कार्यक्रम में विद्यालय की प्रिंसिपल, समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं। सभी ने इस कार्यशाला को उपयोगी एवं सराहनीय बताया।

