मकराना ज्वैलर्स दुकान नकबजनी मामला: 5100 रुपये का इनामी बदमाश गिरफ्तार, सोना और किलो भर चांदी बरामद
मकराना (मोहम्मद शहजाद)। डीडवाना-कुचामन जिला पुलिस ने कस्बा मकराना में एक ज्वैलर्स की दुकान में हुई बड़ी नकबजनी (चोरी) की वारदात में प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक और बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस अधीक्षक डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देशन में पुलिस ने पारदी गैंग के मुख्य सदस्य और 5100 रुपये के वांछित इनामी बदमाश रामनिवास मोग्या को गिरफ्तार कर उसकी निशानदेही से भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण बरामद किए हैं। गत 29 जनवरी 2026 को मकराना निवासी सुरेंद्र कुमार सोनी पुत्र शंकरलाल सोनी ने मकराना थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई थी, उन्होंने बताया था कि चोरों ने हॉस्पिटल रोड स्थित उनके शोरूम मैसर्स अजमेर ज्वैलर्स के दक्षिणी शटर को तोड़कर और अंदर चैनल गेट के तीन तालों को कटर से काटकर मजबूत कांच तोड़ दिया। इसके बाद चोर दुकान से करीब 40 किलो चांदी के आभूषण व बर्तन और 158 ग्राम सोने के जेवरात चुराकर ले गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. प्यारेलाल शिवरान के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक परबतसर भूपेन्द्र शर्मा और वृत्ताधिकारी मकराना विक्की नागपाल के सुपरविजन में मकराना थानाधिकारी जगदीश प्रसाद मीणा के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल और आसपास के रूटों के करीब 400 से 500 सीसीटीवी फुटेज चेक किए। तकनीकी साक्ष्यों और आसूचना के आधार पर पुलिस ने इस प्रकरण में पूर्व में ही दो मुख्य नकबजनों ललित शर्मा व विजय मोग्या तथा एक सहयोगी महिला आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में इस्तेमाल की गई मारुति सुजुकी कार बरामद की थी। पुलिस ने कड़ी से कड़ी जोड़ते हुए दिनांक 2 जुलाई 2026 को पारदी गैंग के मुख्य व 5100 रुपये के इनामी बदमाश रामनिवास मोग्या को दबोचा। आरोपी से सघन पूछताछ के बाद पुलिस टीम उसे मध्य प्रदेश के शिवपुरी लेकर गई, जहां उसकी निशानदेही पर भारी मात्रा में सोने और चांदी के जेवरात बरामद किए गए।


