जनसुनवाई में पहुंचे अशोक कुमार को 4 लाख 25 हजार की मुआवजा राशि का चेक किया प्रदान
विद्युत दुर्घटना से पीड़ित भालोजी के अशोक कुमार का सहारा बनी सरकारी सहायता

कोटपूतली (भारत कुमार शर्मा) कलेक्ट्रेट में गुरुवार को जिला स्तरीय जनसुनवाई के दौरान तहसील कोटपूतली के ग्राम भालोजी निवासी अशोक कुमार पुत्र छीतर मीणा जिला कलक्टर के समक्ष अपनी समस्या लेकर पहुंचे। उन्होंने बताया कि वह विद्युत जनित एक दुर्घटना के शिकार हो गए थे, जिससे वे 85 प्रतिशत तक शारीरिक रूप से अपंग हो गए थे। उन्होंने मुआवजा राशि को लेकर अपनी समस्या जिला कलक्टर को बताई।
अशोक कुमार की शिकायत पर जिला कलक्टर ने मानवीय दृष्टिकोण अपनाते हुए तुरंत संज्ञान लेकर सम्बन्धित अधिकारी से मुआवजा राशि की प्रगति की पूर्ण जानकारी लेकर परिवादी को तुरंत राहत प्रदान करने के निर्देश दिए। परिणामस्वरूप जनसुनवाई के पश्चात अधीक्षण अभियंता विद्युत विभाग मनोज गुप्ता के निर्देशन में अधिकारियों की समझाइश के पश्चात परिवादी अशोक कुमार को विद्युत निगम के प्रावधानों के अनुरूप निर्धारित मुआवजा राशि 4 लाख 25 हजार रुपये का चेक सुपुर्द किया गया। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन को धन्यवाद ज्ञापित किया।






