मौसम ने ली करवट, सर्दी का दिखा असर
खैरथल (हीरालाल भूरानी ) कार्तिक मास के पहले सप्ताह में मौसम ने करवट लेना शुरू कर दिया है। सुबह और शाम के समय हल्की सर्दी का अहसास होने लगा है, जिससे लोगों ने गर्म वस्त्रों का उपयोग प्रारंभ कर दिया है। विशेषकर वृद्धजन और बच्चे सतर्क दिखाई दे रहे हैं। हालांकि दिन में तेज धूप होने से हल्की गर्मी बनी रहती है, लेकिन सुबह की ओस और शाम की ठंडी हवा मौसम में बदलाव का संकेत दे रही है। बाजारों में गर्म कपड़ों की मांग बढ़ने लगी है। अब लोग ज्यूस-लस्सी के बजाय दुकानों पर चाय की चुस्की लेते देखे जा सकते है। अब आगे आने वाले दिनों में न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना है, यदि यही स्थिति बनी रही तो दीपावली तक ठंडक और बढ़ सकती है। किसानों ने भी मौसम में आए बदलाव को रबी फसलों की बुआई के लिए अनुकूल बताया है। ऐसे में खेतों में ट्रैक्टरों से जुताई का कार्य शुरू हो गया है। गेहूं, सरसों जैसी फसलों की तैयारी प्रारंभ हो चुकी है। क्षेत्र के लोगों का कहना है कि इस बार सर्दी ने समय से पहले दस्तक दी है, जिससे वातावरण में ताजगी और उत्सव का माहौल महसूस हो रहा है।


