स्टेडियम में मार्शल आर्ट ट्रेनर और खेल अधिकारी में भिड़ंत, आरोप-प्रत्यारोप से मचा हंगामा
अलवर (अनिल गुप्ता) अलवर शहर के अरावली विहार स्थित इंदिरा गांधी स्टेडियम में शनिवार शाम उस समय हंगामा मच गया जब लक्ष्मी बाई मार्शल आर्ट एकेडमी की संस्थापक पायल सैनी और स्टेडियम प्रशासन के बीच विवाद हो गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं।
जानकारी के अनुसार, पायल सैनी अपने टूर्नामेंट की तैयारी के लिए स्टेडियम पहुंचीं और वहां अपना टेंट और अन्य सामान लगाने लगीं। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात गार्ड ने उन्हें रोका तो कथित तौर पर पायल सैनी ने गार्ड से अभद्र व्यवहार किया और यौन शोषण का झूठा आरोप लगाने की धमकी दी। स्टेडियम अधिकारी अजय शर्मा ने बताया कि पायल सैनी को कई बार कहा गया था कि उनके पास आयोजन की कोई आधिकारिक अनुमति नहीं है। अंजना शर्मा के अनुसार, “हमने उनसे कहा कि पहले लिखित परमिशन लेकर आएं, क्योंकि फिलहाल स्टेडियम में सांसद खेल उत्सव की तैयारियां चल रही हैं और परिसर में दवा छिड़काव भी कराया गया है। इसके बावजूद पायल सैनी ने जबरदस्ती प्रवेश किया।”
वहीं, पायल सैनी का कहना है कि वह सिर्फ टूर्नामेंट की तैयारी के लिए आई थीं, लेकिन स्टेडियम प्रशासन ने उन्हें बेवजह रोका और अपमानित किया। विवाद बढ़ने पर स्टेडियम अधिकारी थाने पहुंची और पूरे प्रकरण की लिखित शिकायत अरावली विहार थाना पुलिस को दी।फिलहाल पुलिस ने खेल अधिकारी के बयान लेकर जांच शुरू कर दी है। यह मामला अब प्रशासनिक स्तर पर भी चर्चा का विषय बन गया है।