नगरीय निकाय चुनाव 2026: अधिकारियों व राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सम्पन्न हुई प्रथम रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया
खैरथल (हीरालाल भूरानी) नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से सम्पन्न कराने के लिए निर्वाचन कार्य में उपयोग होने वाली ईवीएम का प्रथम रेंडमाइजेशन बुधवार को जिला कलक्ट्रेट स्थित एनआईसी कक्ष में किया गया। रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश, उप जिला निर्वाचन अधिकारी शिवपाल जाट तथा विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में सम्पन्न हुई।
राज्य निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार जिले के 251 मतदान केंद्रों के लिए ईवीएम का प्रथम रेंडमाइजेशन किया गया। इसमें भिवाड़ी, तिजारा एवं खैरथल नगर परिषद तथा कोटकासिम, किशनगढ़बास, मुंडावर एवं टपूकड़ा नगर पालिका के मतदान केंद्र शामिल रहे।
इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी अतुल प्रकाश ने राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को ईवीएम के प्रथम रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया एवं उससे संबंधित व्यवस्थाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने प्रतिनिधियों की ओर से उठाई गई विभिन्न जिज्ञासाओं का भी समाधान किया।
प्रथम रेंडमाइजेशन की प्रक्रिया का उद्देश्य निर्वाचन कार्य में पारदर्शिता एवं निष्पक्षता सुनिश्चित करना है। इस प्रक्रिया के तहत ईवीएम का आवंटन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार मतदान केंद्रों के लिए किया गया।
इस अवसर पर जिला रजिस्ट्रीकरण अधिकारी किशनगढ़बास सत्यवीर सिंह, जिला रजिस्ट्रीकरण अधिकारी मुंडावर सृष्टि जैन, जिला रजिस्ट्रीकरण अधिकारी कोटकासिम संजीव कुमार वर्मा, जिला रजिस्ट्रीकरण अधिकारी टपूकड़ा कृष्ण यादव, जिला रजिस्ट्रीकरण अधिकारी तिजारा सहित निर्वाचन शाखा के जगदीश, गुरुदत्त शर्मा एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।

